सेंगर नदी में कूदी महिला, युवकों ने जान पर खेलकर बचाया, रेफर
अजीतमल, औरैया। कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव स्थित जुआ पुल पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 21 वर्षीय महिला ने सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख पुल के पास मौजूद युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। युवकों की तत्परता से महिला को नदी से बाहर निकाल लिया गया।
वहीं सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया। तिलकपुर निवासी शिवांजली (21) पत्नी आशीष कुछ दिन पहले अपने मायके बल्लापुर स्थित जुआ गांव आई थी। गुरुवार को वह जुआ पुल पर पहुंची और अचानक सेंगर नदी में छलांग लगा दी। पुल के पास पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित कुमार समेत अन्य युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। जहां कड़ी मशक्कत के बाद युवकों ने महिला को नदी से बाहर निकाल लिया।