आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र से सपा की जीत, क्या पीडीए की तरफ बढ़ रही जनता की प्रीत?
बिधूना, औरैया। बिधूना विधानसभा क्षेत्र लंबे अर्से से सपा के मजबूत किले के रूप में शुमार माना जाता है, वहीं हाल में संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र से सपा प्रत्याशी की जीत ने क्या इस बार भी साबित कर दिया है कि इस क्षेत्र में पीडीए का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। शिक्षक संवर्ग व पढ़ा लिखा वर्ग काफी हद तक सपा को पसंद कर रहा है, इस बात की भी इस चुनाव ने कुछ ना कुछ पुष्टि अवश्य कर दी है।
हालांकि विधान परिषद के संपन्न हुए चुनाव में सपा की ताकत भाजपा की अपेक्षाकृत अधिक मजबूत दिखने से भाजपा की चिंता और बेचैनी बढ़ना स्वाभाविक माना जा रहा है। वर्तमान समय में भी बिधूना विधानसभा सीट सपा के ही कब्जे में है और इस सीट पर रेखा वर्मा विधायक हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, बसपा, कांग्रेस भी इस सीट को सपा से छीनने की प्रत्येक चुनाव में हर संभव कोशिशें करती नजर आती हैं, लेकिन मौजूदा समय में क्षेत्रीय जातीय समीकरण के जोड़ गणित के सहारे सपा की चुनावी वैतरणी यहां आसानी से पार हो जाती है।
मौजूदा सपा विधायक रेखा वर्मा पुराने समाजवादी राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके ससुर एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय धनीराम वर्मा इस सीट पर कई बार विधायक चुने गए थे। 2027 के बिधूना विधानसभा क्षेत्र में फिलहाल सभी दलों के सियासतदार जातीय समीकरणों के सहारे चुनावी बैतरणी पार करने की हर संभव कोशिशों में अभी से जुटे नजर आ रहे हैं।