आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई, अजीतमल इंस्पेक्टर समेत तीन लाइन हाजिर
औरैया। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) और तहसील दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सख्त कार्रवाई की है। समीक्षा में सबसे खराब प्रदर्शन पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक अजीतमल सहित दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनसुनवाई (आईजीआरएस/तहसील दिवस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। इसमें विभिन्न थानों एवं चौकियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।