सपा कार्यालय में सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई,किया नमन*

*सपा कार्यालय में सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई,किया नमन*
*महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र को देते हैं एकता,समानता और सामाजिक न्याय का संदेश*
*औरैया।* ककोर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एवं महान समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत की अखंडता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। इसी योगदान के कारण उन्हें लौहपुरुष के नाम से जाना जाता है। उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव का भारतीय राजनीति और समाजवादी विचारधारा को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी चिंतक थे। उन्होंने सामाजिक समानता, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाजवादी आंदोलन और सामाजिक न्याय की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक मजबूत, समतामूलक और एकजुट समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
इस दौरान दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, वरिष्ठ नेता लाल जी शुक्ला, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, तेजराम यादव, अनवर यादव, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, अछल्दा ब्लाक प्रमुख राकेश यादव, श्याम बाबू यादव, बैकुंठ यादव, ध्रुव यादव, विजय राजपूत, रुक्मणी निषाद, सुमन दिवाकर, स्नेहलता दोहरे, हरीशंकर दिवाकर,पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।