जमीन विवाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिजनों पर हमला, फायरिंग का भी आरोप
कासगंज। अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के जसूपुरा गांव में जमीन के विवाद को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिजनों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और गोली भी चलाई।
घटना में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भाजपा मंडल अध्यक्ष चित्तर सिंह पुत्र रघुराज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उनके भाई राजेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान जमीन के विवाद को लेकर आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र सिंह, उनकी पत्नी सुधा देवी, पुत्रवधू सोमवती समेत परिवार के नौ लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।