250 केवी ट्रांसफार्मर से तीसरी बार चोरी, सात लाख का नुकसान
सहावर। कस्बे के गंजडुंडवारा रोड स्थित बड़ी माता मंदिर के पीछे लगे 250 केवी के बिजली ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोरों ने तीसरी बार निशाना बनाया। चोर ट्रांसफार्मर से तेल, कॉपर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना में बिजली विभाग को करीब सात लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने के कारण क्षेत्र के करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
एक ही ट्रांसफार्मर से बार-बार चोरी होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी गौरव वार्ष्णेय, शिवकुमार, मोहित और नवीन वार्ष्णेय ने बताया कि इससे पहले भी दो बार चोर इसी ट्रांसफार्मर को निशाना बना चुके हैं। लोगों का कहना है कि घटना रात करीब दो बजे अंजाम दी गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।