न्यायालय के आदेश पर नष्ट कराई गई 400 लीटर अवैध शराब, कीमत करीब 1.20 लाख रुपये
कासगंज। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सहावर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 24 आबकारी मामलों से संबंधित बरामद अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई में करीब 400 लीटर अवैध शराब नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सहावर में दर्ज अवैध शराब से संबंधित 24 अभियोगों में बरामद शराब के निस्तारण के लिए न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई थी। इसके बाद गठित माल निस्तारण टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाली स्थान पर गड्ढा खुदवाकर पूरी शराब नष्ट करा दी।
कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र, न्यायिक तहसीलदार रोहित यादव, आबकारी निरीक्षक फरजन अली, थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम तथा हेड मोहर्रिर देवेंद्र गौतम मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थानों में लंबे समय से लंबित माल के निस्तारण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।