ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाकियू टिकैत का अनिश्चितकालीन धरना*

*ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाकियू टिकैत का अनिश्चितकालीन धरना*
*म्याऊं, गठौरा और अजीजपुर में लाखों रुपये के गबन का आरोप, जांच पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान*
गंजडुंडवारा⁄ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर कथित भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने ब्लॉक परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों ने म्याऊं, गठौरा और अजीजपुर ग्राम पंचायतों में प्रधानों पर कागजों में विकास कार्य दर्शाकर लाखों रुपये का गबन करने का आरोप लगाया है।
धरना युवा जिला अध्यक्ष अरुज खान के नेतृत्व में तथा ब्लॉक अध्यक्ष सतपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर दिया जा रहा है। किसान यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि तीनों ग्राम पंचायतों में धरातल पर कार्य कराए बिना ही अभिलेखों में कार्य पूर्ण दर्शाकर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। ग्राम पंचायत म्याऊं में बने सचिवालय में लगी टाइल्स के नाम पर दो बार भुगतान निकालने का भी आरोप लगाया गया है। धरने पर बैठे किसान नेताओं ने संबंधित ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों और भुगतान की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले की जांच पूरी नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। किसान नेताओं ने प्रशासन से आरोपों की गंभीरता से जांच कराकर सरकारी धन की कथित बंदरबांट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान रंजीत राजपूत, जसवीर लोधी, सत्यवान चौहान, फरमान, असद खान, भागीरथ, राजपाल सिंह यादव, शुगर सिंह, प्रेमवीर सिंह यादव, टीकाराम, राकेश चतुर्वेदी, तस्लीम खान, कृष्णपाल, हरवीर, विकेश राजपूत, कोसेंद्र, नबी हसन, अरमान, बाबी जाटव, करण, राजवीर, शाहनवाज, फैजान, वाहिद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।