विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, पदक पहनाकर विजेताओं का बढ़ाया उत्साह

**गंजडुंडवारा की खेलकूद प्रतियोगिताओं में मोनिका और खुशबू ने मारी बाजी**
कासगंज।गंजडुंडवारा ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन सोमवार को यूबीएच एकेडमी में किया गया। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए दौड़, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्राथमिक बालिका वर्ग में धनसिंहपुर की मोनिका और जूनियर बालिका वर्ग में बहादुर नगर की खुशबू को ब्लॉक चैंपियन चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार अहिरवार, जिला समन्वयक सुनील यादव तथा जिला व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बीएसए ने ध्वजारोहण किया और हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिताओं का आगाज कराया।
दौड़ स्पर्धाओं में प्राथमिक बालक वर्ग में गौरव और नितिन, जबकि बालिका वर्ग में सृष्टि और मोनिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर बालक वर्ग की विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रेमचंद्र, प्रांत और वासुदेव ने बाजी मारी। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में खुशबू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की।
कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक बालक वर्ग में नागर कंचनपुर, प्राथमिक बालिका वर्ग में धनसिंहपुर, जूनियर बालक वर्ग में वमनपुरा तथा जूनियर बालिका वर्ग में अल्हेपुर की टीम विजेता रही।
आयोजकों ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।