खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 329 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण 87 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 118 नमूने जांच को भेजे, 27 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे

कासगंज। जनपद में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्राासन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक अप्रैल से 28 अक्टूबर तक विभागीय अधिकारियों ने 329 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। वहीं संदेह और शिकायत के आधार पर 87 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 118 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इनमें से प्राप्त 70 जांच रिपोर्टों में 27 नमूने मानकों के विपरीत पाए गए। विभाग ने इस अवधि में 41 खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किए, जबकि 15 मामलों में निर्णय हुआ। इनमें कुल 1.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। नौ अक्टूबर को राज्य सचल दल ने विभिन्न घी प्रतिष्ठानों से 17 नमूने लेकर जांच रिपोर्ट आने तक 3511 लीटर घी सीज किया, जिसकी कीमत करीब 21.06 लाख रुपये है। जिला न्यायालय की कैंटीन से चार नमूने लेकर 500 किलोग्राम आटा और मैदा सीज किया गया। राधा डेयरी से 200 किलोग्राम दूषित पनीर नष्ट कराया गया। ओम साक्षी डेयरी से 11 नमूने लेकर 400 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया और खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा 10 कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए। एमडीएम के 15 निरीक्षणों में 38 तथा आईसीडीएस के तीन निरीक्षणों में चार नमूने लिए गए। विभाग ने प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए कारोबारियों एवं विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।