एनआर पब्लिक स्कूल में मनाई गई डा. सीवी रमन की जयंती, विद्यार्थियों ने किए विज्ञान के प्रयोग

दीपावली महोत्सव में दीप जलाकर रोशन किया विद्यालय परिसर, सुरक्षा के बताए नियम
कासगंज। सोरों स्थित एनआर पब्लिक स्कूल में वैज्ञानिक डा. सीवी रमन की जयंती एवं दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने डा. सीवी रमन के जीवन, वैज्ञानिक योगदान एवं प्रसिद्ध रमन प्रभाव पर विचार प्रस्तुत किए। शिक्षक सौरव यादव ने सरल भाषा में रमन प्रभाव का सिद्धांत समझाते हुए बताया कि प्रकाश जब किसी पारदर्शी पदार्थ से गुजरता है तो उसकी तरंगदैर्ध्य में परिवर्तन हो सकता है। उन्होंने इसके चिकित्सा, औषधि निर्माण एवं वैज्ञानिक अनुसंधान में उपयोग की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने दीप जलाकर दीपावली मनाई और विद्यालय परिसर को रोशनी से सजाया। विद्यालय की ओर से आतिशबाजी भी की गई। अनुशासन प्रभारी कुलदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। साथ ही पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और बड़ों की देखरेख में आतिशबाजी करने की सलाह दी। इस दौरान प्रबंधक डा. विवेक कुमार राजपूत, प्रधानाचार्य डा. कुमार आशुतोष, उपप्रधानाचार्य पूरन सिंह राजपूत, कुलदीप शर्मा, भूपेंद्र कुमार, शिवम वशिष्ठ एवं सौरव यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।