हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस की सख्ती पर उठे सवाल
एटा। जिले में हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। आए दिन सोशल मीडिया पर फायरिंग के वीडियो सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मलावन थाना क्षेत्र के गांव दासपुर का है, जहां एक युवक द्वारा घर के अंदर खुलेआम फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक घर के अंदर हथियार से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो पुलिस की सख्ती और हर्ष फायरिंग पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
हर्ष फायरिंग के दौरान जरा सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर हर्ष फायरिंग पर प्रभावी रोक कब लगेगी और खुलेआम फायरिंग करने वालों के खिलाफ कब कार्रवाई होगी।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कार्रवाई की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है।