सीएचसी सकीट में डॉक्टरों की लेटलतीफी, घंटों इंतजार करते रहे मरीज*

*सीएचसी सकीट में डॉक्टरों की लेटलतीफी, घंटों इंतजार करते रहे मरीज*
"कमरा नंबर 14 में डॉक्टर के न मिलने से भटक रहे मरीज, कई दिनों से लगा रहे स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर"
रिपोर्ट, सुनील कुमार शाक्य
सकीट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट में डॉक्टरों की समय से उपलब्धता न होने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपचार की उम्मीद लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे मरीजों को घंटों इंतजार करने के बाद भी डॉक्टर नहीं मिल पा रहे हैं। सोमवार को भी कमरा नंबर 14 में डॉक्टर के इंतजार में मरीज काफी देर तक बैठे रहे। इससे नाराज मरीजों ने वीडियो के माध्यम से अपनी परेशानी जाहिर की।
मरीजों का आरोप है कि कमरा नंबर 14 में तैनात डॉक्टर समय से नहीं पहुंचते हैं। कई दिनों से लगातार स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगाने के बावजूद उनका उपचार नहीं हो पा रहा है। मरीजों के अनुसार संबंधित कक्ष अक्सर बंद रहता है। डॉक्टर के आने-जाने के समय की जानकारी मांगने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। यहां तक कि डॉक्टर का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों बुखार, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। ऐसे में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों की समय से उपलब्धता बेहद जरूरी है। मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
एमओआईसी ने बताई डॉक्टरों की व्यस्तता
इस संबंध में सीएचसी के एमओआईसी डॉ. शिवकुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके चलते डॉक्टर समय से स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच पाए। उन्होंने बताया कि डॉक्टर आकाश ने रात में इमरजेंसी ड्यूटी की थी, जबकि दूसरे डॉक्टर अवकाश पर थे। ऐसी स्थिति में डॉक्टर आकाश को तत्काल ओपीडी के कमरा नंबर 14 में मरीजों को देखने के लिए बुलाया गया है।
अब सवाल यह है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग क्या कदम उठाता है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।