*धुमरिया गांव की 250 मीटर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने सांसद को भेजा प्रार्थना पत्र* "गड्ढों में तब्दील सड़क से ग्रामीण परेशान, स्कूली बच्चों और मरीजों को आवागमन में हो रही परेशानी" रिप
*धुमरिया गांव की 250 मीटर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने सांसद को भेजा प्रार्थना पत्र*
"गड्ढों में तब्दील सड़क से ग्रामीण परेशान, स्कूली बच्चों और मरीजों को आवागमन में हो रही परेशानी"
रिपोर्ट, सुनील कुमार शाक्य
सकीट (एटा)। ब्लॉक सकीट क्षेत्र के ग्राम धुमरिया में लंबे समय से जर्जर पड़ी करीब 250 मीटर मुख्य सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर एटा के सांसद देवेश शाक्य को प्रार्थना पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण रवेंद्र यादव की ओर से भेजे गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गांव की मुख्य सड़क काफी समय से टूटी-फूटी अवस्था में है। सड़क से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाने से हालात और खराब हो जाते हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहनों के आवागमन में बाधा आती है। जर्जर सड़क के कारण गांव के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने सांसद से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने और करीब 250 मीटर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि इस समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द राहत दिलाएंगे।