राष्ट्रीय जनखोजऐप खोलें
सामान्य · एटा, · प्रायोजित

मांगों के समर्थन में जेएलएन कॉलेज के शिक्षकों का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश

Manish kumar ·
मांगों के समर्थन में जेएलएन कॉलेज के शिक्षकों का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश

5 नवंबर को मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपेंगे ज्ञापन

एटा, 3 नवंबर। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जेएलएन कॉलेज, एटा के शिक्षकों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

यह विरोध कार्यक्रम राज्य स्तरीय शिक्षक संगठन फुपुक्टा एवं विश्वविद्यालय स्तरीय संगठन रम्पुटा (राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ शिक्षक संघ) के आह्वान पर आयोजित किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 2 से 5 नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से विरोध जताया जा रहा है। आंदोलन के अंतिम दिन 5 नवंबर को शिक्षक मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराएंगे।

शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करना, राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर चिकित्सा अवकाश की सुविधा देना, फीडर कैडर लागू करना, स्थानांतरण के लिए एनओसी की अनिवार्यता समाप्त करना तथा पीएचडी उपाधि पर वेतन वृद्धि का लाभ देना शामिल है। इसके साथ ही पेंशन एवं जीपीएफ का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने और अनुदानित महाविद्यालयों के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में शिक्षा सेवा आयोग के माध्यम से लिखित परीक्षा के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई गई।

इसके अलावा छात्रों की विवरणात्मक परीक्षाएं आयोजित कराने, विश्वविद्यालय की विभिन्न परिषदों में महाविद्यालयों के शिक्षकों को प्रतिनिधित्व देने तथा परीक्षा पारिश्रमिक और टीए-डीए का समय से भुगतान करने की मांग की गई। शिक्षकों ने उच्च शिक्षा निदेशालय में सिटीजन चार्टर लागू करने और समर्थ पोर्टल से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने पर भी जोर दिया।

अन्य मांगों में यूजीसी के नियमानुसार ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश प्रदान करना, अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत दिव्यांग शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति वाहन भत्ता देना तथा रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत महाविद्यालयवार स्कूटी वितरण सुनिश्चित करना शामिल रहा।

इस दौरान प्रोफेसर वाचस्पति, प्रोफेसर शकील अहमद, रम्पुटा के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र, रम्पुटा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राम अवध सिंह यादव, डॉ. जागृति, डॉ. ओंकार नाथ, प्रमोद कुमार, आनंद सिंह, डॉ. रत्नेश मिश्र एवं रवि यादव सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

ऐप में खोलें: पसंद, टिप्पणी, सेव