विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले में 202 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन*
*विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले में 202 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन*
--------------------------------------
*जिला सेवायोजन कार्यालय एवं डॉ. जेड.एच. पी.जी. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ रोजगार मेला, 350 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग*
--------------------------------------
*अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्री-प्लेसमेंट करियर काउंसलिंग के माध्यम से किया गया मार्गदर्शन*
*एटा, 02 नवम्बर 2026 (सू0वि0)।* युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, एटा एवं डॉ. जेड.एच. पी.जी. कॉलेज, एटा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एटा सदर विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए कुल 350 अभ्यर्थियों की सहभागिता के बीच 202 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला।
रोजगार मेले का शुभारंभ एटा सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रजापालन वर्मा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व शिक्षक दयानन्द श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने, कौशल विकास पर ध्यान देने तथा अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी प्री-प्लेसमेंट करियर काउंसलिंग भी की गई। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को रोजगार की तैयारी, साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन, कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं तथा करियर संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नियोजक कंपनियों को एक मंच पर लाकर रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना तथा योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलती है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। रोजगार मेले को सफल बनाने में जिला सेवायोजन कार्यालय, एटा के समस्त कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।