संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में चला स्वच्छता अभियान, फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव*
*संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में चला स्वच्छता अभियान, फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव*
जैथरा (एटा), उत्तर प्रदेश। जनपद एटा में संचारी रोगों की रोकथाम एवं मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीणों को बचाने के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विकास खंड जैथरा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह अभियान 1 अक्टूबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत टिकाथर, उदयपुरा, बरौलिया, धुमरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई गई तथा नालियों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, मुख्य रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई तथा जलभराव की निकासी जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए गए, जिससे मच्छरों के प्रजनन पर अंकुश लगाने और संक्रामक रोगों के प्रसार को रोकने में सहायता मिल सके।
इस अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई, जल निकासी और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम से संबंधित गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना तथा आमजन को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक कुमार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राजीव कुमार सक्सेना, खंड विकास अधिकारी जैथरा उमेश अग्रवाल तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सम्माननीय ग्राम प्रधानगण सहित अन्य संबंधित लोगों की सहभागिता रही।
अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, जलभराव की समस्या दूर करने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। ग्रामीणों से भी अपील की गई कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें, नालियों को साफ रखें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन और ग्राम पंचायत का सहयोग करें।