मराठा होटल पर दबंगई के बाद संचालक पर चलाई गोली, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक और अवैध तमंचा बरामद, छह-सात युवक होटल में मचाने पहुंचे थे उत्पात
कासगंज।शहर के कासगंज-बदायूं मार्ग स्थित मराठा होटल पर रविवार रात दबंगई और फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक युवकों ने पहले होटल कर्मचारियों से अभद्रता की और विरोध करने पर संचालक को निशाना बनाते हुए तमंचे से गोली चला दी। हालांकि, वह गोली की चपेट में आने से बच गए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
होटल संचालक ओमकार सिंह निवासी भूड़ जखारुद्रपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक नवंबर की रात करीब 9:30 बजे छह-सात युवक बाइकों से होटल पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने होटल के गेट पर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान बुलेट बाइक से पहुंचे भोले ठाकुर और गौरव के उकसाने पर पीछे बैठे प्रिंस ठाकुर ने तमंचे से संचालक पर फायर कर दिया। संयोगवश गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने हनौता पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर वांछित आरोपी प्रिंस ठाकुर पुत्र हरेंद्र सोलंकी निवासी गांव गेंदूपुरा, थाना अमांपुर, हाल निवासी मोहल्ला जय-जयराम, कासगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है।