मानक विहीन ईंटों से खड़ंजा निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध, जेई ने ठेकेदार को दी चेतावनी

मानक विहीन ईंटों से खड़ंजा निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध, जेई ने ठेकेदार को दी चेतावनी
महेवा। विकासखंड महेवा क्षेत्र के ग्राम अहेरीपुर से मुकुटपुर को जोड़ने वाले रास्ते पर जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे खड़ंजा निर्माण में मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में घटिया एवं मानक विहीन ईंटों का प्रयोग किए जाने पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए नाराजगी व्यक्त की है।
बताया जाता है कि अहेरीपुर से मुकुटपुर को जोड़ने वाला रास्ता काफी समय से कच्चा था। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए जिला पंचायत द्वारा इस मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में बेहद घटिया गुणवत्ता की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मौके पर लाई गई ईंटों की हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये किसी नीलामी के मलबे से लाई गई हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने की मांग करते हुए विरोध जताया।
इस संबंध में जिला पंचायत के जेई अफरोज खान ने दूरभाष पर बताया कि सोमवार सुबह ग्रामीणों द्वारा मामले की शिकायत संज्ञान में लाई गई थी। संबंधित ठेकेदार को मौके पर रखी घटिया ईंटें हटाकर उच्च गुणवत्ता की ईंटों का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।