105 जोड़ों ने कराया था पंजीकरण, महारानी गार्डन में विभिन्न धर्मों की परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए विवाह, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

उरई (जालौन)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज महारानी गार्डन, कौंच रोड उरई में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह के लिए कुल 105 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 76 जोड़ों का विवाह विभिन्न धर्मों एवं समुदायों की परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से संपन्न हुआ। खुशियों और उत्साह भरे माहौल में नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। जिलाधिकारी समीर ने योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र कन्या के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये विवाह सामग्री उपलब्ध कराने तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाने का प्रावधान है।
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।