जिलाधिकारी की मौजूदगी में हुई क्रॉप कटिंग, धान की उपज का किया आकलन

उरई (जालौन)। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद में फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर ने ग्राम बोहदपुरा में राजस्व विभाग की टीम द्वारा कराए गए क्रॉप कटिंग कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान गाटा संख्या 829/3 में स्थित किसान प्रहलाद पुत्र सोबरन सिंह के खेत में धान की फसल की कटाई कर उपज का आकलन किया गया। क्रॉप कटिंग के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार खेत में 43 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का त्रिभुजाकार भूखंड चिह्नित किया गया। इसके बाद निर्धारित क्षेत्र में खड़ी धान की फसल की कटाई कर प्राप्त उपज का वजन किया गया। परीक्षण के दौरान कुल 21.120 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ।
इस प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की वास्तविक पैदावार का आंकड़ा दर्ज किया गया। क्रॉप कटिंग कृषि उत्पादन के आकलन की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से खेत में वास्तविक रूप से प्राप्त उपज के आधार पर फसल उत्पादकता का अनुमान लगाया जाता है।