छह साल से बकाया मानदेय को लेकर शिक्षा प्रेरकों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन*

*छह साल से बकाया मानदेय को लेकर शिक्षा प्रेरकों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन*
सकीट (एटा)। जिले के शिक्षा प्रेरकों और जिला व ब्लॉक समन्वयकों ने बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शासन से भुगतान की धनराशि जारी होने के बावजूद अब तक खातों में मानदेय नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई और जल्द भुगतान कराने की मांग की।
शिक्षा प्रेरकों का कहना है कि वर्ष 2013 में जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-दो शिक्षा प्रेरकों की नियुक्ति की गई थी। इनका काम गांवों में शिक्षा और साक्षरता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना था। वर्ष 2018 में योजना बंद कर दी गई, लेकिन इसके बाद से ही उनका मानदेय बकाया चला आ रहा है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षा प्रेरकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन देने वालों ने बताया कि शासन स्तर से सभी जिलों के लिए बकाया भुगतान की धनराशि जारी कर दी गई है। इसके बावजूद जिला स्तर से उनके बैंक खातों में मानदेय की धनराशि नहीं भेजी गई है। इससे जिले के सभी शिक्षा प्रेरक, जिला समन्वयक और ब्लॉक समन्वयक नाराज हैं।
उन्होंने बीएसए से बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। शिक्षा प्रेरकों ने कहा कि कई वर्षों से भुगतान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।