राष्ट्रीय जनखोजऐप खोलें
सामान्य · एटा, · प्रायोजित

आलू से भरी पिकअप और पीआरवी 112 में आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल*

Anil Yadav ·

*आलू से भरी पिकअप और पीआरवी 112 में आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल*

"नगला गंगी के पास मोड़ पर हुआ हादसा, टक्कर से खुले पीआरवी के दोनों एयरबैग, पिकअप चालक फरार"

सकीट (एटा)। सकीट-चपरई मार्ग पर बृहस्पतिवार को नगला गंगी के समीप मोड़ पर आलू से भरी पिकअप और यूपी-112 के पीआरवी वाहन नंबर 5588 में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पीआरवी वाहन में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, आलू से भरी पिकअप सकीट की तरफ से चपरई की ओर जा रही थी। वहीं पीआरवी 5588 चपरई की तरफ से सकीट की ओर आ रही थी। नगला गंगी के समीप मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर से पीआरवी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि टक्कर के दौरान दोनों एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मी फोन पर मिली सूचना के आधार पर जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मधु दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप चालक की पहचान मानपाल सिंह निवासी ग्राम कदमपुर, विकासखंड सकीट के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष का वर्जन

थानाध्यक्ष मधु दुबे ने बताया कि नगला गंगी के पास पीआरवी 112 और आलू से भरी पिकअप की भिड़ंत हुई है। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है। पिकअप चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

ऐप में खोलें: पसंद, टिप्पणी, सेव