पोषण मिशन के सभी इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें, बच्चों के सही चिन्हांकन एवं पोषण वितरण की नियमित निगरानी करें: जिलाधिकारी

एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पोषण मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पोषण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण वितरण, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग तथा विभिन्न निर्धारित इंडिकेटर्स पर ब्लॉकवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण की नियमित एवं प्रभावी निगरानी की जाए तथा पोषण ट्रैकर पर सभी सूचनाओं की समयबद्ध और शुद्ध फीडिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निधौली कलां एवं अलीगंज विकासखंड की प्रगति विभिन्न पोषण संबंधी इंडिकेटर्स पर संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।