राष्ट्रीय जनखोजऐप खोलें
सामान्य · पटना, · प्रायोजित

कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर दुष्कर्म का आरोप, मुंबई में एफआईआर; वृंदावन में आश्रम के नाम पर अपार्टमेंट की पार्किंग और पार्क पर कब्जे की शिकायतें

Anil Yadav ·

कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर दुष्कर्म का आरोप, मुंबई में एफआईआर; वृंदावन में आश्रम के नाम पर अपार्टमेंट की पार्किंग और पार्क पर कब्जे की शिकायतें

महिला की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच के लिए मामला वृंदावन स्थानांतरित; गोविंद आराधना अपार्टमेंट के निवासियों ने भी लगाए गंभीर आरोप

वृंदावन/मथुरा। धर्म और अध्यात्म की आड़ में महिलाओं के शोषण के आरोपों का एक और मामला सामने आया है। वृंदावन के सेवाधाम आश्रम से जुड़े कथावाचक डॉ. संत इंद्रदेव महाराज के खिलाफ मुंबई की 42 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म, अश्लील वीडियो कॉल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर महाराष्ट्र के मीरा रोड स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। घटनास्थल वृंदावन होने के आधार पर मामला आगे की जांच के लिए वृंदावन पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।

शिकायत के मुताबिक, मुंबई के मीरा रोड की रहने वाली महिला पारिवारिक परेशानियों के चलते सोशल मीडिया पर महाराज के प्रवचन सुनती थी। अप्रैल 2023 में दीक्षा लेने के बाद उसका संपर्क महाराज से बढ़ा। आरोप है कि महाराज ने उसकी परेशानियां दूर करने और सेवा का अवसर देने के बहाने उसे वृंदावन आश्रम बुलाया। इसी दौरान आश्रम में रात के समय अपने कमरे में बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के समय सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद महाराज अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वीडियो कॉल करने लगे। इन कॉल के दौरान अश्लील हरकतें करने के साथ महिला पर भी कपड़े उतारने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आश्रम से जुड़ी एक अन्य महिला ने महाराज पर दूसरी युवतियों के साथ भी ऐसी हरकतें करने की जानकारी दी थी। इसके बाद ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा किए जाने पर महाराज ने सोशल मीडिया पर बदनामी रोकने के लिए खुदकुशी करने का नाटक करने और पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

आश्रम के नाम पर अपार्टमेंट की पार्किंग और पार्क पर कब्जे के आरोप

इंद्रदेव महाराज को लेकर वृंदावन में एक दूसरा विवाद भी सामने आया है। गोविंद आराधना अपार्टमेंट, गौरी गोपाल आश्रम के निकट परिक्रमा मार्ग के निवासियों की ओर से आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2010 में दंगाइच इंफ्रास्ट्रक्चर के बिल्डर श्रीराम अग्रवाल द्वारा निर्मित इस अपार्टमेंट की पार्किंग पर कथित रूप से इंद्रदेव महाराज ने कब्जा कर लिया है। आरोप है कि अपार्टमेंट का नाम बदलकर वहां राधा किशोरी भक्ति सेवा धाम का बोर्ड लगा दिया गया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अपार्टमेंट के पार्क में भी अवैध रूप से कब्जा कर भागवत स्थल बना लिया गया है। इसके अलावा पार्किंग की जगह पर रसोई और कार्यालय का निर्माण किए जाने की बात भी कही जा रही है। इससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को पार्किंग और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि इंद्रदेव महाराज और उनसे जुड़े कुछ लोगों द्वारा अन्य स्थानों पर भी जमीन एवं संपत्तियों पर कब्जे किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि इन संपत्ति संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित विभागों की जांच की स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

मुंबई से वृंदावन पहुंची जांच

महिला की शिकायत पर काशीमीरा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर घटनास्थल के आधार पर मामला वृंदावन पुलिस को भेजा है। अब मामले की जांच वृंदावन पुलिस के क्षेत्राधिकार में की जानी है। कथावाचक पर लगे आरोपों और अपार्टमेंट की संपत्ति पर कब्जे संबंधी शिकायतों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं।

धार्मिक प्रवचन और आध्यात्मिक गतिविधियों से पहचान बनाने वाले कथावाचक के खिलाफ लगे इन गंभीर आरोपों के बाद अब पुलिस जांच और अपार्टमेंट की संपत्ति से जुड़े विवाद में संबंधित विभागों की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच होनी बाकी है और आरोपी का पक्ष भी सामने आना शेष है।

ऐप में खोलें: पसंद, टिप्पणी, सेव