*पुरानी रंजिश में मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला, चार पर आरोप*
*पुरानी रंजिश में मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला, चार पर आरोप*
"बचाने पहुंची बेटी को भी पीटा, घायल महिला का कराया मेडिकल; पुलिस से कार्रवाई की गुहार"
सकीट (एटा)। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव ताबेपुर में पुरानी कहासुनी को लेकर एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही चार लोगों ने गाली-गलौज के बाद मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों के घायल होने की शिकायत पुलिस से की गई है।
गांव निवासी कालीचरण पुत्र गीतम सिंह ने थाना रिजोर में दी तहरीर में बताया कि 30 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे उनके भाई अजब सिंह, उसकी पत्नी मन्नता देवी, मिथिलेश और मनोरमा ने पुरानी कहासुनी को लेकर उनकी पत्नी रीता देवी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
आरोप है कि मां की चीख-पुकार सुनकर बेटी शोभा बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। हमले में रीता देवी के पैर, घुटने और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं, जबकि बेटी शोभा भी घायल हो गई।
पीड़ित के मुताबिक, शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी मां-बेटी को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर कालीचरण पानीपत से गांव पहुंचे और पत्नी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने चारों आरोपियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।