किसानों की बल्ले-बल्ले! 64.7% बढ़ा मुआवजा; जानें कहां और कितनों को मिलेगा लाभ

नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के 533 किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा मिलेगा। वर्ष 2002 से 2013 के बीच भूमि अधिग्रहण या क्रय से प्रभावित उन्हीं किसानों को यह लाभ मिलेगा, जो अभी तक इससे वंचित थे।
इसके साथ ही प्राधिकरण ने आपसी सहमति से भूमि देने वाले किसानों को भी अधिग्रहण के समान सभी सुविधाएं देने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण की बुधवार को हुई 145वीं बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर भी लग गई। 27 अगस्त 2026 को बोर्ड बैठक में आपसी सहमति से भूमि देने वाले किसानों के लिए दो विकल्प तय किए गए थे। पहले विकल्प में 6415 रुपये प्रति वर्गमीटर और दूसरे में 5725 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर तय की गई।
प्रस्ताव के अनुसार 5725 रुपये प्रति वर्गमीटर का विकल्प चुनने वाले सभी भू-स्वामियों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ दिया जाएगा, जबकि 6415 रुपये का विकल्प चुनने वालों को यह लाभ नहीं मिलेगा।
भूखंड आवंटन की पात्रता में बदलाव: अब किसानों के परिवार में पितामह, पितामही, पिता, माता, पति या पत्नी के साथ-साथ सास-ससुर को भी शामिल कर लिया गया है। इसका उद्देश्य पात्र किसानों को आबादी भूखंड आवंटन का लाभ दिलाना और वंचित होने से बचाना है। लीज डीड की राह भी अब और आसान होगी। प्राधिकरण ने ग्रामीण आबादी की जमीन के लीज बैक मामलों में आ रही कानूनी अड़चनों को दूर कर दिया है और लीज बैक के लिए जमा की जाने वाली धनराशि पर ब्याज माफ करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।